

टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के कद्दूखाल स्थित मां सुरकंडा देवी धाम के समीप बुधवार शाम भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए (चंबा–मसूरी हाईवे) पर स्थित एक दो मंजिला रेस्टोरेंट, दुकानें और श्रमिकों की झुग्गियां खतरे की जद में आ गईं। एहतियातन सभी भवनों और झुग्गियों को समय रहते खाली करा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
भूस्खलन की चपेट में आने से एक रेस्टोरेंट, दुकान तथा टिन से बना मकान क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि समीप होटल निर्माण के लिए कराई जा रही खुदाई के कारण भूमि कमजोर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, इस संबंध में प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य सीता मनवाल, वरिष्ठ नेता आनंद सिंह बेलवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष शांत प्रसाद भट्ट, दिनेश कोहली सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मौके का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित लोगों को नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा देने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास या सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




