विकासनगर में ईएमएस कंपनी के निर्माण कार्यों की खुली पोल, बारिश में सड़क धंसी

Listen to this article

विकासनगर। शिक्षक कॉलोनी, वार्ड नंबर-11 में ईएमएस कंपनी द्वारा कराए गए सीवर पाइपलाइन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गई है। सड़क खोदकर सीवर पाइपलाइन डालने के बाद उसे तकनीकी मानकों के अनुसार पुनः तैयार नहीं किया गया, जिसके चलते बारिश के साथ ही सड़क धंस गई और बड़े गड्ढे बन गए।
हालात ऐसे हो गए कि एक वाहन सड़क धंसने के कारण गड्ढे में फंस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी ने खुदाई के बाद केवल मिट्टी डालकर काम पूरा दिखा दिया, जबकि नियमानुसार मिट्टी को परत-दर-परत भरकर पानी से बैठाने और रोलर से दबाने का कार्य किया जाना चाहिए था।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि चैंबर निर्माण, सड़क मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं की गई है। बरसात शुरू होते ही सड़कें धंसने लगी हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है और लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि शिक्षक कॉलोनी, वार्ड नंबर-11 में ईएमएस कंपनी के निर्माण कार्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क और जलभराव की समस्या का तत्काल स्थायी समाधान किया जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *