देहरादून महायोजना-2041: सेक्टर-05 की जनसुनवाई में नागरिकों ने दिए विकास के सुझाव, एमडीडीए करेगा तकनीकी परीक्षण

Listen to this article

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा देहरादून महायोजना-2041 के तहत आयोजित जनसुनवाई अभियान के पांचवें दिन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सेक्टर-05 के नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों और अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महायोजना से संबंधित अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराईं।

जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। नागरिकों ने भू-उपयोग (लैंड यूज), सड़क नेटवर्क के विस्तार, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं के विकास तथा आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों के संतुलित विस्तार को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इसके अलावा स्थानीय आवश्यकताओं और भविष्य की विकास योजनाओं को भी महायोजना में शामिल करने की मांग उठाई गई।

एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण किया जाएगा। जो सुझाव व्यवहारिक एवं नियमानुसार उपयुक्त पाए जाएंगे, उन्हें आवश्यकतानुसार देहरादून महायोजना-2041 में शामिल किया जाएगा, ताकि शहर का विकास जनभावनाओं और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप किया जा सके।

गौरतलब है कि देहरादून महायोजना-2041 के तहत 6 जुलाई से 21 जुलाई तक जिले के सभी 12 सेक्टरों में चरणबद्ध तरीके से जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में अगली जनसुनवाई सेक्टर-06 के लिए लक्सुरिया फार्म, किशनपुर में आयोजित होगी। एमडीडीए ने संबंधित क्षेत्र के नागरिकों, भू-स्वामियों और अन्य हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई में भाग लेकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अपील की है।

About The Author