


पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी के थाना सतपुली क्षेत्र में शनिवार को पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने की सूचना पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने तत्काल राहत एवं सर्च अभियान चलाया। घटना सतपुली से लगभग तीन किलोमीटर आगे वन विभाग गेस्ट हाउस के समीप की है, जहां UP20 CT 3543 नंबर का एक पिकअप वाहन बोल्डर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सतपुली की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन और आसपास के क्षेत्र में गहन सर्च अभियान चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन में या घटनास्थल पर कोई व्यक्ति फंसा या घायल तो नहीं है।
सघन तलाशी अभियान के दौरान वाहन अथवा आसपास किसी भी व्यक्ति के फंसे होने या किसी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई। SDRF ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद अभियान समाप्त किया।
बारिश के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।




