Uttarakhand Weather: पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी, 14 और 15 जुलाई को विशेष सतर्कता की सलाह

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में पूरे सप्ताह बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 14 से 19 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई क्षेत्रों में भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
14 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मंगलवार, 14 जुलाई को देहरादून, चंपावत, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज से अति तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
15 जुलाई को इन जिलों के लिए विशेष चेतावनी
बुधवार, 15 जुलाई को पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में भारी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इसके अलावा देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
19 जुलाई तक राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार 16 से 19 जुलाई तक भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने तथा जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
प्रशासन की सलाह
● अनावश्यक यात्रा से बचें।
● नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
● मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।
● खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
— Doon Valley Times

About The Author