जघन्य वारदात से दहला हरिद्वार का पथरी क्षेत्र, आरोपियों की तलाश शुरू
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, किशोरी अपने परिचित युवक के साथ बाइक पर काठा पीर दरगाह की ओर जा रही थी रास्ते में खेतों के पास 7 – 8 युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया गया, जबकि किशोरी को जबरन खेतों की ओर ले जाया गया।

परिजनों का आरोप है की घटना के समय आरोपित नशे की हालत में थे। खेतों में ले जाने के बाद किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपित उसे रात भर अपने कब्जे में रखने की बात कर रहे थे और उसी दौरान उनके बीच आपस में कहासुनी भी हुई।
इस बीच किशोरी को वहां से निकलने का मौका मिल गया। वह किसी तरह आरोपियों के चुंगल से छूटकर खेतों के रास्ते नजदीकी गांव पहुंची और मदद मांगी। एक महिला ने उसे अपने घर में शरण दी और पहनने के लिए कपड़े उपलब्ध कराए। बाद में ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया गया।
उधर, किशोरी के परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे हुए थे पीड़िता के मिलने के बाद उसने पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद पथरी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है।
जांच के दौरान पुलिस को स्थानीय स्तर पर जानकारी मिली है कि वारदात में शामिल कुछ युवा के शिवगढ़, फूलगढ़ और आसपास के गांवो के हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
पथरी थाना पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




