जसपुर में 48 घंटे में हत्या की साजिश का खुलासा, दो आरोपी कार समेत गिरफ्तार

Listen to this article

ऊधम सिंह नगर। जनपद के जसपुर क्षेत्र में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक कथित सुनियोजित हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को घटना में प्रयुक्त बलेनो कार सहित गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां नितिन कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं एक अन्य युवक का उपचार निजी अस्पताल में जारी है, जबकि तीसरे युवक को भी चोटें आई थीं।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इसे सामान्य सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए पुलिस को तहरीर दी और आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित हत्या है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *