तहसील चौक–आढ़त बाजार सड़क चौड़ीकरण परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, समयबद्ध मुआवजा वितरण के दिए निर्देश

Listen to this article

देहरादून। राजधानी देहरादून में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चल रही आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना का जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मुआवजा वितरण, दस्तावेजों के परीक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित संपत्ति धारकों को पारदर्शी एवं नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

प्रशासन के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत कुल 410 संपत्तियां प्रभावित हो रही हैं। इनमें से कई संपत्ति स्वामियों को मुआवजा वितरित किया जा चुका है और उन्होंने अपनी प्रभावित परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग (PWD) के नाम कर दी है। शेष संपत्तियों के दस्तावेजों का परीक्षण तेजी से किया जा रहा है तथा पात्र पाए जाने पर नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद तहसील चौक और आढ़त बाजार क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम होगी तथा आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

प्रशासन का कहना है कि मुआवजा वितरण और पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जा रही है। इसी का परिणाम है कि कई प्रभावित संपत्ति धारकों ने स्वेच्छा से अपनी संपत्तियां खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे परियोजना कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *