विकासनगर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में मंगलवार को लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रस्तावित “छात्रों से संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के लिए छात्रों को जागरूक करना और अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करना था।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देशभर में बार-बार हो रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों से अपील की गई कि वे 17 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पहुंचकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग को लोकतांत्रिक तरीके से बुलंद करें।
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की एकजुट आवाज ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने छात्रों से संगठित होकर अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह चौहान, पछवादून जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।









