शिव विहार, लक्ष्मीपुर और हरबर्टपुर से 4 गिरफ्तार
विकासनगर। न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील को लेकर विकासनगर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने 18 और 19 अगस्त को कार्रवाई करते हुए चार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वारंटियों की पहचान अनीत कुमार (38) निवासी शिव विहार कॉलोनी, मंडी चौक विकासनगर, राकेश कुमार (46) निवासी लक्ष्मीपुर-पृथ्वीपुर खेड़ा तथा हरबर्टपुर के आदर्श विहार वार्ड नंबर-2 निवासी विक्की कुमार (32) और बलीराम (55) के रूप में हुई है।
अनीत कुमार के खिलाफ परिवाद संख्या 953/22 में धारा 138 एनआई एक्ट के तहत न्यायालय से वारंट जारी था। वहीं राकेश कुमार के खिलाफ परिवाद संख्या 467/22 में धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित वारंट लंबित था।
इसके अलावा विक्की कुमार और बलीराम के खिलाफ परिवाद संख्या 784/22 में धारा 323, 504 और 506 आईपीसी के तहत न्यायालयी कार्रवाई लंबित थी।
इन पुलिस टीमों ने की कार्रवाई
वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों में उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं, चौकी प्रभारी बाजार; उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर; उपनिरीक्षक चंद्रशेखर नौटियाल, हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्त्वाल, कांस्टेबल अमित परमार और कांस्टेबल सुरेंद्र तोमर शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से वारंटियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से जारी वारंटों के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
