चमोली। टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर बुधवार को एचसीसी वर्करों ने प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया फेडरेशन के महासचिव सोहन कुमार के नेतृत्व में श्रमिकों ने टीएचडीसी सियासैंण-पीपलकोटी परियोजना स्थल पर रैली निकालकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व प्रधान हाट राजेंद्र हटवाल भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

श्रमिकों ने परियोजना का निर्माण कर रही एचसीसी के कार्यालय से टीएचडीसी गेट तक रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने कहा कि टनल हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक अपने परिवारों के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में मृत श्रमिकों के आश्रितों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उचित मुआवजा दिया जाना जरूरी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राहत और बचाव अभियान महत्वपूर्ण है, लेकिन हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के पुनर्वास और उनके भविष्य की चिंता भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने मांग की कि आश्रितों को ऐसा उचित मुआवजा दिया जाए, जिससे परिवारों का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्च सम्मानजनक तरीके से पूरे हो सकें।

श्रमिकों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं है, बल्कि मृत श्रमिकों के परिवारों के अधिकार और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने टीएचडीसी प्रबंधन से जल्द वार्ता कर मुआवजे के मुद्दे का समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक मृत श्रमिकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने के संबंध में ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों में हादसे को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला।
