देहरादून/पिथौरागढ़। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित एशियन अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड की दो होनहार मुक्केबाज़ निकिता चंद और काजल फरसवाण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
पिथौरागढ़ की दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में फाइनल तक का सफर तय किया। खिताबी मुकाबले में उन्हें उजबेकिस्तान की मजबूत खिलाड़ियों से कड़ी चुनौती मिली। हालांकि वे स्वर्ण पदक से चूक गईं, लेकिन दमदार प्रदर्शन के दम पर दोनों ने रजत पदक अपने नाम कर भारत और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
निकिता चंद और काजल फरसवाण की इस उपलब्धि पर प्रदेशभर में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और विभिन्न संगठनों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों खिलाड़ी इसी तरह मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखती हैं, तो आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए स्वर्णिम इतिहास रच सकती हैं। उनकी सफलता उत्तराखंड के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।




