यमकेश्वर में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

Listen to this article

यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल | दून वैली टाइम्स

पूर्व प्रमुख रुचि कैंट्यूरा के नेतृत्व में विधानसभा यमकेश्वर के अंतर्गत नगर पंचायत जोंक-स्वर्गाश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली में छात्रों की मांगों को लेकर हुए आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में महामहिम राष्ट्रपति के नाम उपजिलाधिकारी यमकेश्वर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय सरकार ने बल प्रयोग का रास्ता अपनाया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्वर्गाश्रम क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों के साथ उपजिलाधिकारी से मुलाकात कर आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात, पेयजल, सफाई, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

उपजिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी, अंकित गुप्ता सहित एक दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author