काशीपुर (दून वैली टाइम्स)। उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां किराये के मकान में रह रही एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में चुनरी के सहारे पंखे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने बेटी की मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, काशीपुर के मोहल्ला गंज निवासी नेहा पुत्री उदयराज का विवाह करीब सात वर्ष पहले रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र के नरपतनगर निवासी रोहित पुत्र गेंदनाथ के साथ हुआ था। दंपति का एक 5 वर्षीय बेटा भी है, जो वर्तमान में अपने दादा-दादी के साथ रहता है। नेहा और उसका पति काशीपुर के हरियावाला क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 1 बजे नेहा का शव कमरे में चुनरी के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला। घटना के समय उसका पति ई-रिक्शा चलाने के लिए बाहर गया हुआ था। जैसे ही घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली, उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतका के पिता उदयराज ने कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बेटी की मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।



