रामनगर में घास काट रही 65 वर्षीय महिला पर बाघ का हमला, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

Listen to this article

रामनगर(दून वैली टाइम्स)। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग से रविवार सुबह एक चिंताजनक घटना सामने आई, जहां जंगल के समीप घास काटने गई 65 वर्षीय महिला पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर वन प्रभाग के कुनखेत क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय बसंती देवी, पत्नी बाली राम, रविवार सुबह करीब 9 बजे बैली रिजॉर्ट्स के समीप जंगल किनारे घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए महिला को बाघ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर कोसी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

इस घटना के बाद कुनखेत और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बाघ और अन्य वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, बाघ की निगरानी करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

वन विभाग का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से जंगल के आसपास अकेले न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है।

About The Author