पतंग लेने छत पर गया मासूम 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया, दर्दनाक मौत

Listen to this article

रुद्रपुर (दून वैली टाइम्स)। उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा पड़ोस की छत पर पतंग लेने गया था, तभी छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।

जानकारी के अनुसार, विकास कॉलोनी वार्ड-16 निवासी 12 वर्षीय राज पुत्र गुरमीत सिंह उर्फ बबलू शनिवार को खेलते समय पतंग लेने दूसरी गली की छत पर पहुंचा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

राज अपने परिवार का इकलौता बेटा और दो बहनों का भाई था। वह चौथी कक्षा का छात्र था। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे वाली जगह पर वर्ष 1990 से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है और इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने विद्युत विभाग से हाईटेंशन लाइन को हटाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

About The Author