ब्रिटेन में कैद रामनगर के मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत की सुनवाई फिर टली, परिवार की रिहाई की उम्मीदों को लगा झटका

Listen to this article

रामनगर/नैनीताल | Doon Valley Times

ब्रिटेन में कैद उत्तराखंड के रामनगर निवासी मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत की रिहाई का इंतजार कर रहे परिवार को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। 16 जुलाई को ब्रिटेन की अदालत में प्रस्तावित सुनवाई एक बार फिर टल गई है। सुनवाई स्थगित होने से अजय पंत के माता-पिता, पत्नी और दोनों बेटियों की चिंता और बढ़ गई है। अब पूरा परिवार अगली सुनवाई की तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

परिजनों को उम्मीद थी कि 16 जुलाई की सुनवाई के बाद अजय पंत को राहत मिल सकती है और उनकी घर वापसी का रास्ता साफ होगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अदालत ने मामले की सुनवाई आगे बढ़ा दी, जिससे परिवार की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

अजय पंत की रिहाई के लिए परिवार लगातार प्रयास कर रहा है। मामले को लेकर सांसदों से लेकर उत्तराखंड सरकार तक गुहार लगाई गई है। प्रदेश सरकार ने भी भारतीय दूतावास को पत्र भेजकर आवश्यक स्तर पर पैरवी करने का अनुरोध किया है। वहीं, विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

अजय पंत के पिता वीसी पंत ने बताया कि 16 जुलाई की सुनवाई में उनके बेटे को कोई राहत नहीं मिली। उन्हें केवल इतना बताया गया है कि सुनवाई की तारीख आगे बढ़ा दी गई है, लेकिन अगली सुनवाई कब होगी, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।

अब अजय पंत के माता-पिता, पत्नी और दोनों बेटियां उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद में एक बार फिर अगली अदालत की तारीख का इंतजार कर रहे हैं। परिवार को विश्वास है कि आने वाली सुनवाई में उन्हें न्याय मिलेगा और अजय जल्द अपने घर लौट सकेंगे।

About The Author