दून वैली टाइम्स | विकासनगर/देहरादून
विकासनगर क्षेत्र के हरिपुर स्थित मां यमुना नदी पर बने श्याम झूला पुल पर किसी भी प्रकार के स्थायी निर्माण और अतिक्रमण को रोकने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री नीरज सिंह चौहान ने जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुल पर किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा निर्माण कार्य न किए जाने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की गई है।
ज्ञापन के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को एक निजी लोक पंचायत द्वारा प्रस्तावित “श्याम झूला” के एक पाये पर मां यमुना की मूर्ति स्थापित करने के उद्देश्य से भराई का कार्य शुरू किया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर भाजपा चकराता विधानसभा के संयोजक राम शरण नौटियाल मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध किया। इसके बाद पुलिस और तहसील प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए कार्य को तत्काल रुकवा दिया।
सोशल मीडिया पोस्ट पर भी जताई आपत्ति
नीरज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य रुकने के बावजूद लोक पंचायत के सचिव द्वारा सोशल मीडिया पर उसी स्थान पर मां यमुना की मूर्ति स्थापित किए जाने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव का क्षेत्र के अनेक लोग विरोध कर रहे हैं और इससे भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है श्याम झूला पुल
ज्ञापन में कहा गया है कि हरिपुर का श्याम झूला पुल जौनसार-बावर और पछुवादून क्षेत्र को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस पुल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र, किसान और अन्य वाहन गुजरते हैं। यदि पुल पर किसी प्रकार का स्थायी निर्माण या अतिक्रमण किया जाता है तो इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी खड़ी हो सकती हैं।
डीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग
भाजपा युवा मोर्चा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि श्याम झूला पुल पर किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा किसी प्रकार का निर्माण कार्य अथवा अतिक्रमण न होने दिया जाए। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि पर तत्काल रोक लगाई जा सके।
ज्ञापन में जिलाधिकारी से स्वयं मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है।




