राजपुर रोड की करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से सौदा करने वाली महिला समेत दो गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राजपुर थाना पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक वृद्ध व्यक्ति की राजपुर रोड स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर प्लॉट बेच दिए और भारी रकम हड़प ली।
पुलिस के अनुसार, 7 जून 2026 को साईं मंदिर के निकट राजपुर रोड निवासी बलवंत सिंह ने थाना राजपुर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपक अग्रवाल और मान देवी ने उनकी मौजा डाक पट्टी, राजपुर रोड स्थित भूमि की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर 120-120 गज के दो प्लॉट दिल्ली निवासी सुंदर अग्रवाल और अशोक कुमार गुप्ता को बेच दिए। आरोप है कि इस सौदे के बदले आरोपियों ने करोड़ों रुपये प्राप्त किए।
शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की तथा विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
मंगलवार को राजपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजपुर तिराहे के पास से दीपक अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी आशीर्वाद एन्क्लेव, देहरा खास तथा मान देवी (70 वर्ष), निवासी राजपुर रोड, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। भूमि धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं तथा इसमें शामिल संभावित अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भूमि संबंधी धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *