बारिश में खुद सड़क पर उतरीं सभासद, अधिकारियों को दिखाया वार्ड-2 का दर्द

Listen to this article

विकासनगर। नगर पालिका परिषद विकासनगर के वार्ड संख्या-2 में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद जलभराव, कीचड़ और टूटी सड़कों की समस्या को लेकर सभासद सोनिया वर्मा स्वयं सड़क पर उतरीं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ईएमएस लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर भगेंद्र राणा तथा यूयूएसडीए विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) मिथिलेश को वार्ड का स्थलीय निरीक्षण कराया और स्थानीय लोगों की समस्याओं से अवगत कराया।

सभासद सोनिया वर्मा ने बताया कि वह पिछले छह महीनों से नगर पालिका के माध्यम से यूयूएसडीए विभाग और कार्यदायी संस्था ईएमएस लिमिटेड को लगातार ज्ञापन एवं लिखित प्रतिवेदन भेजकर सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों व गलियों का पुनर्स्थापन बरसात से पहले कराने की मांग करती रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से भट्टा रोड, विद्यापीठ मार्ग से लगी गलियों और सिंगरा कॉलोनी की जर्जर स्थिति का उल्लेख करते हुए चेताया था कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बारिश में क्षेत्रवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या-2 का भू-स्तर अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा नीचे होने के कारण शहर के कई हिस्सों का वर्षा जल इसी क्षेत्र में एकत्र हो जाता है। इसके बावजूद विभाग की ओर से सड़क पुनर्स्थापन का कार्य लंबित रखा गया, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

तेज बारिश के बाद वार्ड की कई सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ और जगह-जगह कीचड़ फैल गया। निरीक्षण के दौरान सभासद ने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने समय-समय पर संबंधित विभाग को लिखित रूप से आगाह किया था, लेकिन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब पहली ही तेज बारिश में हालात विभागीय लापरवाही की पोल खोल रहे हैं।

सभासद सोनिया वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने वार्ड संख्या-2 की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और गलियों का युद्धस्तर पर पुनर्स्थापन कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज बुलंद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाना उनका दायित्व है और वार्डवासियों के हितों की रक्षा के लिए वह लगातार संघर्ष करती रहेंगी।

About The Author