विकासनगर बाजार में कल अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन, NH-507 से हटेंगी रेहड़ी-पटरी

प्रशासन-पुलिस की मौजूदगी में चलेगा अभियान, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने एसडीएम को भेजा पत्र

विकासनगर। विकासनगर बाजार में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-507 (NH-507) से रेहड़ी-पटरी और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए 7 सितंबर 2026 की तारीख निर्धारित की गई है। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

राष्ट्रीय मार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग देहरादून की ओर से उपजिलाधिकारी विकासनगर को भेजे गए पत्र के मुताबिक, बाजार में फुटपाथ पर अतिक्रमण को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज हुई थी। इसके बाद विभाग ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की।

विभागीय पत्र के अनुसार 29 अगस्त 2026 को प्रशासन के साथ हुई मौखिक वार्ता के बाद 7 सितंबर को अतिक्रमण हटाने की तिथि तय की गई। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की टीम प्रशासन और पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करेगी।

नगर पालिका परिषद विकासनगर को अभियान से पहले अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, थानाध्यक्ष विकासनगर से पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने को कहा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के संबंधित अभियंता भी मौके पर मौजूद रहकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

गौरतलब है कि विकासनगर बाजार में फुटपाथ और सड़क किनारे अतिक्रमण का मुद्दा लंबे समय से उठता रहा है। ऐसे में अब सभी की नजरें 7 सितंबर के अभियान पर टिकी हैं। विभागीय पत्र से संकेत है कि इस बार कार्रवाई को प्रभावी तरीके से अंजाम देने की तैयारी है।

हालांकि सवाल यह भी है कि अभियान के बाद NH-507 और फुटपाथ वास्तव में कितने समय तक अतिक्रमण मुक्त रहेंगे।

दून वैली टाइम्स

About The Author