
दून वैली टाइम्स | देहरादून
लापरवाही पर मिलेगी प्रतिकूल प्रविष्टि, पदोन्नति और एसीआर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में आयोजित सचिव समिति की बैठक में प्रशासनिक कार्यों में तेजी, जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। बैठक में विशेष रूप से उपनलकर्मियों के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट), कर्मचारियों की पदोन्नति, एसीआर (वार्षिक गोपनीय आख्या) और सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) के विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई।
तीन दिन में पूरा करें उपनलकर्मियों का कॉन्ट्रैक्ट
मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने विभागों में कार्यरत उपनलकर्मियों के साथ अगले तीन दिनों के भीतर अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) की प्रक्रिया हर हाल में पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में यह कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित विभागाध्यक्ष के सेवा अभिलेख में प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) दर्ज की जाएगी।
पदोन्नति प्रक्रिया में नहीं होगी देरी
बैठक में कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि पदोन्नति संबंधी पूर्व में जारी शासनादेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 30 जून 2027 तक पदोन्नति के पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया अगले एक माह के भीतर प्रारंभ कर दी जाए, ताकि योग्य कर्मचारियों को समय पर उनका अधिकार मिल सके।
एसीआर समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसीआर बैच क्रिएशन का कार्य तत्काल पूरा कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर एसीआर से जुड़े सभी लंबित कार्यों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सीबीडीसी योजना का होगा विस्तार
बैठक में सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) के विस्तार पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मुख्य सचिव ने कृषि विभाग में लागू इस व्यवस्था को उद्यान विभाग तथा अन्य लाभार्थी आधारित योजनाओं में भी लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से इसके लिए स्पष्ट टाइमलाइन तैयार करने तथा सभी संबंधित विभागों में इसकी संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा।
अधिकारियों के लिए होगी कार्यशाला
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सीबीडीसी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लाभार्थी केंद्रित योजनाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की जाए, जिससे योजना का लाभ अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, चंद्रेश कुमार यादव, श्रीधर बाबू अद्यांकी, डॉ. आर. राजेश कुमार, एस. एन. पाण्डेय, ज्योति यादव, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
— दून वैली टाइम्स




