3 अगस्त से बूथ स्तर पर विशेष शिविर, 11 सितंबर तक दावे-आपत्तियों का निस्तारण, 15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
देहरादून। आगामी चुनावों को देखते हुए देहरादून जिले में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अभियान की प्रगति की समीक्षा की और सभी दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली के अनुसार जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान के दौरान कई स्थानों पर विवरण में विसंगतियां, अधूरी जानकारी और डेटा मिलान संबंधी समस्याएं सामने आई हैं। इन्हीं कमियों को दूर करने के लिए 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, ऐप पर अपलोड हो रही रिपोर्ट
मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं को नोटिस तामील करा रहे हैं। प्रत्येक नोटिस वितरण की फोटो निर्वाचन आयोग के निर्धारित मोबाइल ऐप पर अपलोड की जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी की जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि 30 जुलाई तक लगभग 74 हजार नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष सभी नोटिस अगले दो से तीन दिनों के भीतर संबंधित मतदाताओं तक पहुंचा दिए जाएंगे।
3 अगस्त से 29 अगस्त तक लगेंगे विशेष सुनवाई शिविर
नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता अपने नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए 3 अगस्त से 29 अगस्त तक आयोजित होने वाले बूथ स्तर के विशेष शिविरों में आवेदन कर सकेंगे। इन शिविरों की निगरानी संबंधित सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) करेंगे।
इस दौरान फॉर्म-6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे, जिससे 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाता भी सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें।
11 सितंबर तक मिलेगा सुधार का अवसर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को 11 सितंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का पूरा अवसर मिलेगा। इसी दिन सभी प्राप्त आवेदनों का अंतिम निस्तारण कर मतदाता सूची को फ्रीज कर दिया जाएगा। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को जिले की अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
10 विधानसभा क्षेत्रों में 2045 मतदान केंद्र
देहरादून जिले की 10 विधानसभा सीटों में कुल 2045 मतदेय स्थल (बूथ) बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 10 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा 222 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तैनात किए गए हैं।
राजनीतिक दलों से हर बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त करने की अपील
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया, जिस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली, कांग्रेस से डॉ. जसविंदर सिंह एवं सुनील जायसवाल, भाजपा से महेश गुप्ता, बसपा से सत्येंद्र चोपड़ा तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दून वैली टाइम्स
