चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खराब मौसम के बीच पीपलकोटी, चमोली स्थित आपदा प्रभावित टनल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। टनल में फंसे कई श्रमिकों को गुरुवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि शेष श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर अभियान की प्रगति और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी उपलब्ध संसाधनों का पूरी क्षमता के साथ उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार, दवाइयों और अन्य आवश्यकताओं के लिए हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए।

हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

