पौड़ी गढ़वाल के उफल्डा निवासी शातिर चोर की नशे की लत ने बनाया चोर, चोरी की एक्टिवा पर निकला तो पुलिस ने दबोचा

देहरादून। नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 28 वर्षीय युवक को थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उफल्डा, थाना श्रीनगर, जनपद पौड़ी गढ़वाल निवासी सुनील पुत्र उम्मेद सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की सफेद रंग की एक्टिवा, एचपी कंपनी का लैपटॉप और सोनी एक्सपीरिया मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी किए गए सामान को बेचकर नशे के लिए पैसे जुटाने की तैयारी में वह घूम रहा था, लेकिन पुलिस की चेकिंग के दौरान उसकी योजना विफल हो गई।

21 अगस्त को राजीव नगर पुल के पास हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक 21 अगस्त को थाना नेहरू कॉलोनी की पुलिस टीम राजीव नगर पुल के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और एक्टिवा को तेजी से मोड़कर मौके से भागने का प्रयास करने लगा।

भागने के दौरान एक्टिवा फिसल गई और युवक सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल उसे मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बैग से एचपी कंपनी का लैपटॉप और सोनी एक्सपीरिया मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में दो चोरी की घटनाओं का खुलासा

बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा और बरामद सामान के संबंध में पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने लैपटॉप और मोबाइल फोन महादेवपुरम क्षेत्र से तथा एक्टिवा रिस्पना नगर क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में था। हालांकि इससे पहले ही चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज दो चोरी के मामलों का खुलासा होने की बात पुलिस ने कही है।

बरामद सामान

  • एचपी कंपनी का लैपटॉप
  • सोनी एक्सपीरिया मोबाइल फोन
  • सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट एक्टिवा

पुलिस टीम में शामिल रहे

उ0नि0 धनीराम पुरोहित, अ0उ0नि0 अंशुल सिंह बर्तवाल, कांस्टेबल सत्यवीर एवं कांस्टेबल मुकेश जोशी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author