देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का सिलसिला फिलहाल जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 अगस्त को प्रदेश के पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया है।
शुक्रवार को पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है।
31 अगस्त तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त को पहाड़ी जिलों के साथ हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। 30 अगस्त को प्रदेश के सभी जनपदों में बारिश के आसार हैं, जबकि 31 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में लोगों से मौसम को लेकर सतर्क रहने और अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की गई है।
