हल्द्वानी सड़क हादसे में बीकॉम छात्रा की मौत, परिजनों ने हाईवे किया जाम

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीकॉम तृतीय वर्ष की 22 वर्षीय छात्रा मीनाक्षी साहू की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए शव को बरेली हाईवे पर रखकर धरना दिया, जिससे हाईवे पर जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेली रोड स्थित डी-क्लास कॉलोनी, तीनपानी निवासी मीनाक्षी साहू पुत्री संतोष कुमार साहू मंगल पड़ाव स्थित एक पार्लर में काम करती थीं और बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा थीं। बुधवार रात वह पार्लर से ऑटो से घर लौट रही थीं। मंडी चौकी से कुछ दूरी पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और मीनाक्षी उसके नीचे दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राखी पर सूनी रह गई भाई की कलाई

मीनाक्षी के परिवार में माता-पिता, भाई शुभम और छोटी बहन हैं। बताया गया कि भाई शुभम रोजाना बहन को तीनपानी पर लेने आता था। हादसे वाली रात भी वह बहन का इंतजार कर रहा था, लेकिन उसे क्या पता था कि कुछ ही देर में उसकी बहन के निधन की खबर मिल जाएगी।

परिजनों का आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके विरोध में उन्होंने हाईवे पर शव रखकर धरना दिया। वहीं पुलिस मामले की जांच करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

About The Author