हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार दोस्तों को कुचला, सभी की मौत

Listen to this article

हल्द्वानी: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। बरेली से काठगोदाम की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने फ्लाईओवर पर मौजूद चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ गई और वाहन का एक पहिया उखड़कर दूर जा गिरा।
पुलिस के अनुसार हादसे में गोरापड़ाव हाथीखाल निवासी 17 वर्षीय राहुल राजपूत, गोरापड़ाव निवासी 25 वर्षीय शिवम, बेरीपड़ाव निवासी 20 वर्षीय अंशु आर्य और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां राहुल, शिवम और अंशु को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य टम्टा ने भी उपचार के दौरान देर रात दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय स्कॉर्पियो की पिछली सीट पर ज्योलीकोट स्थित नैंसी कॉन्वेंट के निदेशक डॉ. संजय सिंह सवार थे, जबकि वाहन चालक पहदान खान चला रहा था। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया और युवकों की स्कूटी भी उसके नीचे दब गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मंडी चौकी और बनभूलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने दावा किया कि स्कूटी सवार युवक कथित तौर पर गलत दिशा से आ रहे थे और तेज बारिश के कारण उन्हें समय रहते देख नहीं पाया। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

About The Author