देहरादून – पांवटा हाईवे पर धंसा अस्थाई पुल, संपर्क ठप

Listen to this article

देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर देहरादून-पांवटा साहिब राजमार्ग पर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रेमनगर क्षेत्र के नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बनाई गई अस्थाई पुल रविवार को धंस गया , जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। पुल धंसने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आवाजाही पर रोक लगा दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, टौंस नदी पर बना मुख्य पुल 15 सितंबर 2025 को भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद देहरादून और हिमाचल प्रदेश के बीच संपर्क बनाए रखने के लिए ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई पुल का निर्माण किया गया था, जिससे वाहनों की आवाजाही संचालित की जा रही थी।

हालांकि, पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश और टौंस नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण अस्थाई पुल भी दबाव नहीं झेल सका और धंस गया। इसके चलते स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने मौके पर अधिकारियों की टीम भेजकर स्थिति का जायजा लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। साथ ही वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और पुल की मरम्मत को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी पुल का निर्माण जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि हर मानसून में इस तरह की समस्याओं से राहत मिल सके।

About The Author