डालनवाला की एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में वारदात से सनसनी, बेड पर मृत मिलीं रेखा बंसल
चेहरे पर खरोंच के निशान, पुलिस को करीबी पर शक; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
देहरादून। शहर के पॉश डालनवाला क्षेत्र की एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में गुरुवार को दिनदहाड़े एक कारोबारी की करीब 70 वर्षीय पत्नी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। महिला का शव घर के बेड पर पड़ा मिला। चेहरे पर खरोंच के निशान पाए जाने से घटना को लेकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान रेखा बंसल के रूप में हुई है। बताया गया कि उनके पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर गांधी स्कूल के सामने बंसल बुक स्टोर नाम से दुकान है। गुरुवार सुबह दिनेश बंसल घर से दुकान के लिए चले गए थे। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
परिवार के मुताबिक दोपहर करीब एक बजे उनकी बेटी ने रेखा बंसल से फोन पर बात की थी। कुछ देर बाद जब उनके पति ने फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। आशंका होने पर पड़ोसी को घर जाकर देखने के लिए कहा गया। पड़ोसी ने घर पहुंचकर देखा तो रेखा बंसल बेड पर मृत पड़ी थीं।
सूचना मिलते ही एसएसपी समेत आला पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। घर में सामान सुरक्षित मिला और रेखा बंसल की चादर पर भी कोई सिलवट नहीं मिली। ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात के दौरान महिला ने किसी तरह का प्रतिरोध किया था या नहीं।
करीबी पर शक, घर में आसानी से प्रवेश का सवाल
पुलिस को आशंका है कि हत्यारा कोई परिचित हो सकता है, क्योंकि घर में आसानी से प्रवेश करने के तरीके को देखते हुए जांच की दिशा करीबी व्यक्ति की ओर भी बढ़ रही है। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई है। इसके आधार पर पुलिस वारदात की कड़ियां जोड़ने में लगी है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की तलाश की जा रही है।
दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या से दून में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
