कारगिल के अमर शहीदों को नमन, ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन में उमड़ा जनसैलाब

देहरादून, 25 जुलाई (दून वैली टाइम्स)। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को राजधानी देहरादून देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल (चीड़बाग) से आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और भारत माता के जयघोष के साथ दौड़ते प्रतिभागियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसमें भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अद्वितीय साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए देश को ऐतिहासिक विजय दिलाई। उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों के बलिदान ने न केवल देश की सीमाओं की रक्षा की, बल्कि पूरी दुनिया के सामने भारत की सैन्य क्षमता और कूटनीतिक मजबूती का भी परिचय कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध में निर्णायक सफलता प्राप्त की। भारतीय सैनिकों ने अपने सर्वोच्च बलिदान से राष्ट्र की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। उन्होंने कहा कि कारगिल के अमर वीर सपूत सदैव देशवासियों के हृदय में जीवित रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे कारगिल के वीर योद्धाओं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित भाव से कार्य करें।
गांधी पार्क में हुआ सम्मान समारोह
‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन का समापन गांधी पार्क में हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी तथा कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी ली।
मैराथन के विजेता
एनसीसी बालक वर्ग: सूरज (प्रथम), आयुष कुमार (द्वितीय), कृष ठाकुर (तृतीय)
एनसीसी बालिका वर्ग: वैष्णवी (प्रथम), द्विवजा (द्वितीय), इल्मा (तृतीय)
सीनियर सिटीजन वर्ग: मुकेश राणा (प्रथम), जितेंद्र गुप्ता (द्वितीय), गोविंद राणा (तृतीय)
भूतपूर्व सैनिक वर्ग: कलम सिंह बिष्ट (प्रथम), विजय सिंह (द्वितीय), राम सिंह भंडारी (तृतीय)
दिव्यांग वर्ग: अनुष्का एवं सुनील नेगी विजेता रहे।
18 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग: अंकित पंवार (प्रथम), रोहित (द्वितीय), अमित कुमार (तृतीय)
महिला वर्ग: तनुश्री चौहान (प्रथम), महक नेगी (द्वितीय), लीला शाह (तृतीय)
उच्च शिक्षण संस्थान छात्र वर्ग: विपिन वर्मा (प्रथम), अंकित (द्वितीय), सागर जोशी (तृतीय)
उच्च शिक्षण संस्थान छात्रा वर्ग: निकिता जोशी (प्रथम), रानी (द्वितीय), श्वेता (तृतीय)
कार्यक्रम में कैबिनेट एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (कर्नल सेवानिवृत्त) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
— दून वैली टाइम्स




