दिव्यांगजनों को योजनाओं और पुनर्वास सेवाओं का समयबद्ध एवं सुगम लाभ दिलाने के निर्देश

दून वैली टाइम्स | देहरादून

देहरादून, 20 अगस्त 2026। समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्वांकी ने गुरुवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी), गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय, देहरादून का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं, सुविधाओं और पुनर्वास व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने दिव्यांगजनों के पंजीकरण, मूल्यांकन, परामर्श, पुनर्वास सेवाओं और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में रखे गए अभिलेखों का अवलोकन करने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्वांकी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि केंद्र में आने वाले प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और पुनर्वास सेवाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुगम लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक सेवाओं और सुविधाओं की पहुंच बढ़ाई जानी चाहिए।

उन्होंने डीडीआरसी की व्यवस्थाओं को और अधिक दिव्यांगजन हितैषी बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं का बेहतर एवं समुचित उपयोग करने के निर्देश दिए, ताकि केंद्र में आने वाले दिव्यांगजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं पुनर्वास संबंधी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

सचिव ने अधिकारियों से कहा कि दिव्यांगजनों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, एसीएमओ डॉ. चौहान, जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र के कार्मिक तथा गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *