भूमि धोखाधड़ी, अवैध कब्जे, मोबाइल टावर, पारिवारिक उत्पीड़न और जर्जर भवनों के मामले प्रमुखता से उठे
देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ई-ऑफिस, सीएम घोषणा और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने को कहा।
90 किराएदारों वाले जर्जर भजन आश्रम भवन का मामला गंभीर
ऋषिकेश भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग स्थित भजन आश्रम भवन संख्या-2 और तिलक मार्ग स्थित भवन संख्या-3 के जर्जर होने की शिकायत की। बताया गया कि दोनों भवनों में करीब 90 किराएदार रह रहे हैं। नोटिस जारी होने के बावजूद भवन खाली नहीं किए जा रहे हैं। संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया और एसडीएम ऋषिकेश तथा नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
70 वर्षीय विधवा ने लगाया 90 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने भूमि धोखाधड़ी की शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने धोखाधड़ी से उनकी 228 वर्गमीटर भूमि का विक्रय पत्र तैयार कर भूमि बेच दी और उन्हें करीब 90 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत भी की गई। डीएम ने एसडीएम सदर को मामले की जांच के निर्देश दिए।
35 लाख रुपये की धनराशि वापस न मिलने की शिकायत
रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्होंने संजय कुमार के पास पांच लाख रुपये की तीन कमेटियां 15 माह के लिए डाली थीं। इसके अलावा 30.75 लाख रुपये उधार दिए गए, लेकिन धनराशि वापस नहीं की जा रही है। मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी ने सीओ रायपुर को निर्देशित किया।
जर्जर स्कूल की छत को लेकर चिंता
ग्राम पंचायत सिंधवाल के उपप्रधान ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय की जर्जर छत की मरम्मत न होने का मामला उठाया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
त्यूनी-चकराता-मसूरी मार्ग पर बोल्डर गिरने का मामला
बारिश के कारण त्यूनी-चकराता-मसूरी मोटर मार्ग पर बोल्डर गिरने और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित होने की शिकायत भी समाधान दिवस में पहुंची। जिलाधिकारी ने एनएच के अधिकारियों को सड़क को जल्द सुगम बनाने के निर्देश दिए।
आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाने की शिकायत
सहसपुर के ग्राम पंचायत छरबा में आवासीय भूमि पर मोबाइल टावर लगाए जाने और एमडीडीए द्वारा उसे अवैध घोषित किए जाने के बावजूद न हटाने की शिकायत पर डीएम ने एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जांच के निर्देश दिए गए।
विधवा ने किराएदार पर लगाया कब्जे और उत्पीड़न का आरोप
पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा ऊषा सूरी ने किराएदार पर उत्पीड़न, किराया नहीं देने और मकान पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ पटेल नगर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने अपने छोटे बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने मौके पर ही प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
ठेलियों से जाम की शिकायत
नत्थनपुर छह नंबर पुलिया के आसपास सब्जियों और अन्य सामान की ठेलियों से यातायात बाधित होने की शिकायत पर नगर निगम देहरादून को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर नीलकंठ निवासी अनिता और मोथरोवाला निवासी अनिता थापा ने कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। ऋषिकेश निवासी रीना ने नंदा-सुनंदा योजना के तहत सहायता दिलाने का अनुरोध किया।
ग्राम पंचायत रामपुर कलां में पंचायत भवन की खाली भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत चान्जोई में बहुउद्देशीय भवन निर्माण की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
चकराता क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुनैन के ग्राम सैंज में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की सुरक्षा दीवार और गूल की मरम्मत की मांग पर ओसी कलेक्ट्रेट को मौके पर जांच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम का स्पष्ट संदेश—निस्तारण सिर्फ औपचारिकता न बने
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक शिकायत में मौके की स्थिति का परीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
