14 सितंबर से देहरादून में विशेष नशामुक्ति शपथ अभियान

डीएम डॉ. आशीष चौहान करेंगे शुभारंभ, 30 सितंबर तक चलेगा अभियान

देहरादून, 10 सितंबर। ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत जनपद देहरादून में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विशेष शपथ अभियान चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान 14 सितंबर को सुबह 11 बजे ऋषिपर्णा सभागार में करेंगे।

अभियान के दौरान जिले के स्कूल-कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थान, छात्रावास, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालय, औद्योगिक इकाइयां, ग्राम पंचायतें, नगर निकाय, होटल और होम स्टे सहित विभिन्न संस्थानों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।

शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों एवं कार्मिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी। वहीं ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के माध्यम से आम नागरिकों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

औद्योगिक इकाइयों और कॉर्पोरेट कार्यालयों में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों को भी शपथ दिलाने की व्यवस्था की गई है। पर्यटन विभाग के माध्यम से होटल, होम स्टे एवं छात्रावासों तथा जिला क्रीड़ा विभाग के माध्यम से खेल प्रशिक्षण केंद्रों में भी अभियान चलाया जाएगा।

प्रशासन ने संबंधित विभागों एवं संस्थानों को शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ऑनलाइन शपथ लेने के बाद प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। साथ ही शपथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ और निर्धारित प्रारूप में सूचना भी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

About The Author