18 निजी कंपनियां लेंगी हिस्सा, दुबई में भी रोजगार का मौका
देहरादून, 23 सितंबर 2026। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से 29 सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में करीब 18 निजी क्षेत्र की कंपनियां भाग लेंगी और विभिन्न पदों पर कुल 904 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। देहरादून के साथ ही प्रदेश के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्री-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते अपना पंजीकरण करा सकते हैं। रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा।
कई नामी कंपनियां लेंगी हिस्सा
रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार सहित विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
दुबई में भी रोजगार का अवसर
सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को दुबई में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए आईटीआई/आईटीआई प्रमाण-पत्र धारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए 6 माह के अनुभव तथा 18 वर्ष की आयु की शर्त बताई गई है।
सेवायोजन विभाग ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है।


