सहसपुर में नशा तस्करों पर दून पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; 10.06 ग्राम स्मैक बरामद

सभावाला और धर्मावाला क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

देहरादून, 31 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ विजन को साकार करने के लिए दून पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली सहसपुर पुलिस ने स्मैक तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10.06 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।

पुलिस मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना स्तर पर गठित पुलिस टीम द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग और मैनुअल पुलिसिंग की जा रही है। इसी अभियान के तहत 30 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई में सभावाला क्षेत्र के शेखोंवाला के पास से फारुख नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 6.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई। वहीं, दूसरी कार्रवाई धर्मावाला क्षेत्र के तिमली में की गई, जहां पुलिस ने मौ. शाहरुख को गिरफ्तार किया। उसके पास से 3.96 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्न प्रकार से हुई है:

  1. फारुख पुत्र रिजवान, निवासी बड़ा रामपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र 57 वर्ष।
  2. मौ. शाहरुख पुत्र मौ. मुमताज, निवासी ग्राम रेडापुर छरबा, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र 27 वर्ष।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली सहसपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। फारुख के विरुद्ध मुकदमा संख्या 280/2026 तथा मौ. शाहरुख के विरुद्ध मुकदमा संख्या 281/2026 पंजीकृत किया गया है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सैनी, चौकी प्रभारी सभावाला; उपनिरीक्षक पंकज कुमार, चौकी प्रभारी धर्मावाला; अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी; हेड कांस्टेबल केहर गिरी; कांस्टेबल अजीत सिंह, कुलदीप सिंह और रविन्द्र राणा शामिल रहे।

दून पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author