ऋषिकेश के पास सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत, श्रीनगर में मातम

भक्तियाना निवासी सेमवाल परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मालाकुंठी में डंपर के नीचे घुसी कार

श्रीनगर गढ़वाल, 31 अगस्त। ऋषिकेश के निकट मालाकुंठी क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में श्रीनगर के भक्तियाना निवासी भाई-बहन की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही भक्तियाना सहित पूरे श्रीनगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान ऋषभ सेमवाल और उनकी बहन रक्षा सेमवाल के रूप में हुई है। दोनों राकेश सेमवाल के पुत्र-पुत्री बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप कार और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के नीचे जा घुसी। हादसे में कार सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

बताया गया कि रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत थीं। वहीं, उनके भाई ऋषभ सेमवाल सिंचाई विभाग में अवर अभियंता (जेई) के साथ अस्थायी तौर पर कार्य करते थे। मृतकों के पिता राकेश सेमवाल सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी बताए जा रहे हैं।

एक ही परिवार के भाई-बहन की इस तरह असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और क्षेत्रवासी भक्तियाना स्थित उनके आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

क्षेत्रवासियों ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत भाई-बहन को श्रद्धांजलि दी। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

About The Author