सहेली और उसके पति के साथ देहरादून घूमने पहुंची थी युवती, शराब पिलाकर वारदात करने का आरोप
देहरादून। दिल्ली से अपनी सहेली और उसके पति के साथ देहरादून घूमने आई एक युवती के साथ होटल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान समीर प्रकाश निवासी अशोक विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। बताया गया है कि आरोपी ड्राई फ्रूट का कारोबार करता है। वहीं पीड़िता दिल्ली में नौकरी करती है और उसने डिजाइनर का कोर्स किया हुआ है।

सहेली के साथ घूमने आई थी देहरादून
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक युवती की सहेली की कुछ समय पहले शादी हुई थी। सहेली अपने पति के साथ देहरादून घूमने आ रही थी। इसी दौरान उसने अपनी दोस्त को भी साथ चलने के लिए कहा। इसके बाद युवती सहेली, उसके पति और पति के दोस्त समीर प्रकाश के साथ देहरादून पहुंची।
चारों पटेलनगर क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरे थे। आरोप है कि रात के समय समीर ने युवती को शराब पिलाई। बाद में युवती की सहेली और उसका पति दूसरे कमरे में चले गए।
कमरे में अकेला पाकर दुष्कर्म का आरोप
शिकायत के अनुसार, सहेली और उसका पति दूसरे कमरे में चले गए तो आरोपी ने कथित तौर पर युवती को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई के अनुसार, सोमवार को युवती की ओर से तहरीर प्राप्त हुई थी। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
