
देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा चंद्रोटी-गुनियालगांव में रविवार को ‘त्रिस्तरीय पंचायत—एक साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ शिरकत की।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जोत सिंह गुनसोला, पूर्व महानगर अध्यक्ष गोदावरी थापली, उपेंद्र थापली, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, जिला पंचायत सदस्य चंद्रोटी गोविंद सिंह पुंडीर, सोनिया आनंद तथा ब्लॉक प्रमुख सहसपुर अर्चना रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों के कार्यों, ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है और पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से गांवों में विकास कार्यों को गति मिलती है।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद जनसेवा के लिए नई ऊर्जा प्रदान करता है।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ तथा पंचायत स्तर पर किए जा रहे कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंचायतों को मजबूत किए बिना गांवों का समग्र विकास संभव नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

कार्यक्रम में मिले अपार स्नेह और सम्मान के लिए जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह सहित कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
