अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश से तबाही, बाढ़ और भूस्खलन में 4 की मौत; सेना के 5 जवान लापता

अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। राज्य के दिबांग घाटी और ऊपरी सुबानसिरी जिले में शुक्रवार शाम बारिश के बाद हुई दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सेना के पांच जवान लापता बताए जा रहे हैं। दोनों घटनाओं के बाद सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

दिबांग घाटी जिले में भारी बारिश के बाद अचानक आई फ्लैश फ्लड में पासू पानी स्थित आर्मी कैंप के दो आश्रय स्थल तेज बहाव में बह गए। बताया गया कि इस दौरान 5th Grenadier के कुल सात जवान बाढ़ के पानी की चपेट में आ गए। इनमें से दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवान अभी भी लापता हैं।

लापता जवानों की पहचान हवलदार उपेंद्र, कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंदा के रूप में बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही सेना ने अपने खोज एवं बचाव दलों को सक्रिय किया। इसके साथ ही आईटीबीपी की 58वीं बटालियन, जीआरईएफ की 62 आरसीसी, अरुणाचल प्रदेश पुलिस, स्थानीय स्वयंसेवकों और अन्य बचाव दलों को अभियान में लगाया गया है। पासीघाट से एसडीआरएफ की टीम भी अणिनी के लिए रवाना की गई है।

प्रशासन के अनुसार, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव अभियान में चुनौतियां सामने आ रही हैं। बावजूद इसके लापता जवानों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।

वहीं, ऊपरी सुबानसिरी जिले में भारी बारिश के कारण एक बड़ा भूस्खलन हुआ। केओजारिंग-ब्याचिंग सड़क निर्माण स्थल पर पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गया। उस समय सड़क निर्माण और कटिंग के कार्य में लगे कई मजदूर मलबे की चपेट में आ गए।

हादसे में चार मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की पहचान तादू बाकी, ताजी राय, मारकोश बसुमतारी और बाबुल अली के रूप में की गई है। बताया गया है कि बाबुल अली का शव मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। अन्य शवों की तलाश और मलबा हटाने का अभियान भी जारी है।

घटना के बाद नाचो पुलिस स्टेशन की टीम, डापोरीजो से दमकल विभाग के कर्मचारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर स्थिति की निगरानी की जा रही है।

अरुणाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश के कारण कई इलाकों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और सड़क अवरोध जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है।

फिलहाल दिबांग घाटी में लापता पांच सैन्य जवानों की तलाश सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है। वहीं, ऊपरी सुबानसिरी में भूस्खलन के बाद मलबे में दबे लोगों की तलाश और राहत कार्य जारी है।

About The Author