देहरादून। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में शीशमबाड़ा कूड़ाघर के स्थानांतरण की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष अमित पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का घेराव करते हुए सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मुख्यमंत्री ने सहसपुर विधानसभा की जनता से शीशमबाड़ा कूड़ाघर के स्थानांतरण का वादा किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने क्षेत्र की जनता की भावनाओं और लंबे समय से चली आ रही मांगों की अनदेखी की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि शीशमबाड़ा कूड़ाघर से आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को लंबे समय से दुर्गंध, प्रदूषण और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



