राज्य स्तरीय विद्यालयी बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में अंडर-14 टीम ने जीती विजेता ट्रॉफी
देहरादून, 18 सितंबर। माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तराखंड के तत्वावधान में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में जनपद देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालक वर्ग की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
17 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित हो रही प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-14 वर्ग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। रोमांचक फाइनल मुकाबले में देहरादून ने चम्पावत को पराजित कर चैंपियन का खिताब हासिल किया।
देहरादून की टीम की ओर से कप्तान अनुराग सिंह ने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। वहीं, तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में नैनीताल ने अल्मोड़ा को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
सेमीफाइनल में भी दिखाया दम
फाइनल से पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में देहरादून ने नैनीताल को 2-1 से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में चम्पावत ने अल्मोड़ा को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
विजेता और उपविजेता टीमों को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी एवं उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के टेक्निकल हेड मनोज नेगी ने ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
अंडर-17 और अंडर-19 के मुकाबले भी जारी
प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में अंडर-19 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में देहरादून और ऊधम सिंह नगर, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पिथौरागढ़ और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून की टीमें आमने-सामने होंगी।
इसी प्रकार अंडर-17 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में देहरादून और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज तथा दूसरे सेमीफाइनल में चम्पावत और पौड़ी के बीच मुकाबला होना है।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव सेमवल चंद्र और मैच कमिश्नर महेश्वर दास गुप्ता हैं। प्रतियोगिता में बृजेश नेगी, नरगिश इरफान, कामिनी धीमान, सुधा, संध्या, अमित कटारिया, वीरेंद्र, सुल्तान, सौरभ, शुभम, मुनीर, दीपक, रूपेन सहित अन्य रेफरी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
अभिलेखीकरण का दायित्व जितेंद्र सिंह, रुचिका बोरा, सोमू पन्त, ज्योत्स्ना रावत, सुमंगला पोखरियाल, जान्हवी भट्ट सहित अन्य द्वारा संभाला जा रहा है।
इस अवसर पर जिला खेल समन्वयक जयदेव रावत, रविंद्र सिंह रावत, घनश्याम आर्य, प्रमोद रावत, रोहित नेगी, पंकज सती, धनंजय घिल्डियाल, भगवती नौटियाल, अरविंद सुयाल, अमित कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 सितंबर 2026 को राज्यसभा सांसद नरेश बंसल एवं रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था।
चम्पावत को हराकर देहरादून बना चैंपियन
