दून वैली टाइम्स | देहरादून
देहरादून, 12 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस को राजधानी देहरादून में गर्व, उत्साह और उमंग के साथ मनाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण, अनुशासित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड के मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी।
बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर समारोह स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने मुख्य मंच से लेकर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, स्वागत-सत्कार और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, महानुभावों एवं गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता रखी जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को माइक्रो प्लानिंग के तहत आपसी समन्वय से कार्य करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम और समारोह के लाइव प्रसारण के लिए लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड, सलामी और सम्मान समारोह रहेगा आकर्षण का केंद्र
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विभिन्न सुरक्षा एवं अनुशासनात्मक बलों की टुकड़ियां भव्य परेड प्रस्तुत करेंगी। पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जाएगी। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे।
जिलाधिकारी ने पुलिस परेड और सलामी कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन के पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं नगर निगम परिसर में शाम के समय विशेष कवि सम्मेलन का आयोजन भी प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, पीडी विक्रम सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, पर्यटन, उद्यान, पूर्ति विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि 15 अगस्त को परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय समारोह गरिमापूर्ण और यादगार बनाया जा सके।
