विकासनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ, प्रीतम सिंह और नवप्रभात की मौजूदगी में दर्जनों लोग हुए शामिल

विकासनगर। विधानसभा चुनावों से पहले विकासनगर की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस कमेटी विकासनगर की ओर से आयोजित सदस्यता अभियान के दौरान चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक चकराता प्रीतम सिंह तथा पूर्व केबिनेट मंत्री नवप्रभात की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में छात्र, युवा, महिलाएं, किसान और आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बदरीनाथ में चंदा चोरी और केदारनाथ में सोना चोरी जैसे मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाए और प्रदेश में जनहित की सरकार बनाए।

पूर्व मंत्री नवप्रभात ने कांग्रेस में शामिल हुए सभी युवाओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि अंकित कंसल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का संकेत है कि प्रदेश का युवा बदलाव चाहता है। उन्होंने कहा कि नए सदस्य कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।

नवप्रभात ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। उन्होंने इस अभियान में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस शहर अध्यक्ष विकास शर्मा ने किया, जबकि परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर तथा नगर पालिका अध्यक्ष विकासनगर धीरज बॉबी नौटियाल ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और संगठन को मजबूती देने का आह्वान किया।

इस दौरान कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में अंकित कंसल, जीशान अली, शुभम गर्ग, सचिन गोयल, रजत जैन, अविनाश सिंघल, नमन सिंघल, मनन, संजय शर्मा, रोहित राठौर, कुलदीप त्यागी, राजा पृथ्वी, संदीप, रितेश, समीर, राजकुमार, प्रदीप और रविशंकर सहित कई लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव शमी प्रकाश, जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिल्ला, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, अभिनव ठाकुर, शशि चौहान, कुसुम कौशल, सुमन लता, सोनिया वर्मा, भारत कालरा, सभासद नीरज रोहिल्ला, जितेंद्र रावत, राकेश राठौर, फुरकान, बलजीत सिंह, देवानंद पासी, सोमेंद्र टंडन, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, सूफी शरीफ, दीक्षांत उनियाल, अजीत हर्ष गुरुंग, सुबोध वर्मा और संयम जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *