दून वैली टाइम्स | टिहरी गढ़वाल
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के गौर्थी कांडा स्थित बदरगांव में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवा कल्याण राज्य मंत्री विनोद सुयाल ग्रामीणों के बीच घिरे नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक बुजुर्ग सहित कई ग्रामीण सड़क निर्माण और भूस्खलन से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंत्री के सामने अपनी नाराजगी व्यक्त करते दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष से अधिक और उत्तराखंड राज्य बने 26 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी गांव तक सुगम सड़क सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है। इसी दौरान एक बुजुर्ग ग्रामीण ने मंत्री से कहा कि यदि वास्तव में विकास हुआ होता तो आज मंत्री को गांव तक पैदल नहीं आना पड़ता, बल्कि वे वाहन से सीधे गांव पहुंचते।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी करते हुए पहाड़ का मलबा नीचे फेंका गया, जिससे करीब 10 से 12 परिवारों के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ रहा है और कई परिवार दहशत के बीच जीवन बिताने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
मौके पर मौजूद राज्य मंत्री विनोद सुयाल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और हाथ जोड़कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं वरिष्ठ स्तर पर इस मामले को उठाकर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, मंत्री के आश्वासन के बावजूद ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ और उन्होंने स्थानीय विधायक तथा कार्यदायी संस्था की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने एक बार फिर उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका लाभ जमीनी स्तर पर भी दिखाई देना चाहिए।
