अल्मोड़ा में एमटीएस भर्ती परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा, दूसरे उम्मीदवार की जगह दे रहा था परीक्षा

Listen to this article

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एमटीएस (समूह-ग) भर्ती परीक्षा के दौरान प्रतिरूपण (इम्पर्सनेशन) का मामला सामने आया है। गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल में आयोजित परीक्षा के दौरान एक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देता हुआ पकड़ा गया। संस्थान प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के तहत एमटीएस के एक पद के लिए शनिवार सुबह 10 बजे लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 12 अभ्यर्थी शामिल हुए।
परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात निरीक्षकों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। परीक्षा में व्यवधान न हो, इसलिए उसे परीक्षा पूरी करने दी गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब उसके दस्तावेजों का मिलान किया गया और पूछताछ की गई, तो मामला खुलकर सामने आ गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि हरियाणा के कैथल निवासी अमित कुमार के स्थान पर जींद निवासी साहिल परीक्षा दे रहा था। पूछताछ के दौरान साहिल ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह अमित कुमार की जगह परीक्षा में शामिल हुआ था।
संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी ने भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता बताते हुए सोमेश्वर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

About The Author