पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार के हमले से एक सात वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। जिला मुख्यालय पौड़ी शहर से सटे खांडूसैंण क्षेत्र में हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद बालिका का शव बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। गुलदार के हमले में बालिका की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने, प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और गुलदार की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग उठाई है।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
मासूम बालिका की मौत के बाद खांडूसैंण और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
