बागेश्वर में लापता अधिवक्ता की तलाश खत्म, थुणाई में नदी किनारे मिला शव

17 अक्टूबर को घर से बाजार जाने के लिए निकले थे धीरेंद्र परिहार, कई दिनों से परिजन और पुलिस कर रहे थे तलाश

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कई दिनों से लापता चल रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार उर्फ कक्कू परिहार का शव मंगलवार को थुणाई क्षेत्र में गोमती नदी के किनारे बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

नदी किनारे मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस

थुणाई के समीप गोमती नदी के किनारे शव मिलने के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के विभिन्न थानों से पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम को भी मौके पर भेजा गया।

17 अक्टूबर से लापता थे अधिवक्ता

जानकारी के अनुसार, पूर्व सभासद एवं अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार उर्फ कक्कू परिहार बीते 17 अक्टूबर की शाम घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। 35 वर्षीय धीरेंद्र परिहार के अचानक लापता होने से परिजन और परिचित लगातार उनकी तलाश में जुटे थे।

काफी समय तक उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर 31 अक्टूबर को उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद पुलिस भी उनकी खोजबीन में जुटी हुई थी। कई दिनों तक चली तलाश के बाद अब उनका शव थुणाई क्षेत्र में गोमती नदी के किनारे बरामद हुआ है।

मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी पुलिस

शव बरामद होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। कई दिनों से लापता अधिवक्ता का शव मिलने से परिजनों और परिचितों में दुख की लहर है।

About The Author