मलबा और बोल्डर आने से चकराता, साहिया और कालसी डिवीजनों की सड़कें हुईं बाधित, विभागों ने युद्धस्तर पर शुरू किया बहाली कार्य

जौनसार-बावर क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे इलाके में भारी तबाही मचाई है। लगातार हुई तेज बारिश के कारण पहाड़ों से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़कों पर आ गए, जिससे क्षेत्र के 30 मोटर मार्ग पूरी तरह बंद हो गए। कई गांवों का संपर्क मुख्य बाजारों और शहरों से कट गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन, दैनिक जरूरतों और आपातकालीन सेवाओं में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) चकराता, लोनिवि साहिया तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) कालसी के अंतर्गत आने वाले कुल 30 मार्ग भारी बारिश से प्रभावित हुए। सड़कें बंद होने के कारण कई स्थानों पर वाहन फंस गए और लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

अस्थाई खंड लोनिवि चकराता के 9 मार्ग रहे बंद
अस्थाई खंड लोनिवि चकराता के अंतर्गत चकराता-लाखामंडल स्टेट हाईवे सहित सिली खड्ड-कुनैन, पुरोडी-हयोऊ-टगरी, रोटा खड्ड-अटाल, रेवटा-हवाइ, प्लासू-भगिया, माक्टी पोखरी, टुंगरा तथा कांडा-बिरनाड मोटर मार्ग मलबा आने से बंद रहे। हालांकि विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकांश मार्गों को खोल दिया है।
साहिया अस्थाई खंड लोनिवि की 12 सड़कें प्रभावित

अस्थाई खंड लोनिवि साहिया के अंतर्गत कालसी-चकराता मुख्य मोटर मार्ग, हरिपुर-कोटि-क्वानू-मीनस, सहिया-क्वानू, ड्यूडीलानी-सक्रोल, कोरूवा-मगरोली, कालसी-बैराटखाई, नराया-अस्टाड-चकराता, सहिया-उदपाल्टा-उपरोली, काहा-नेहरा-पुनाहा, कोठा बैंड-आरा-अष्टी, हय्या-अलसी-सकनी और तारली संपर्क मार्गों पर भारी मलबा आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पीएमजीएसवाई कालसी के 9 मार्ग भी हुए बाधित
पीएमजीएसवाई कालसी के अंतर्गत गडोल-सक्रोल, बोसान बैंड, देऊ-धोईरा, खारसी-खाटुवा, बिरपा बैंड-खारसी, बाडवाला-जुड्डो-मटोगी, जगथान-बुराईला, कोठा बैंड-चंदोऊ-सैंज तथा मुंशी घाटी-धोईरा मोटर मार्ग भी बारिश के कारण बंद हो गए।
युद्धस्तर पर चल रहा बहाली कार्य
सड़कों के बंद होने की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों ने जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों को मौके पर भेजकर राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया।
अस्थाई खंड लोनिवि चकराता के अधिशासी अभियंता विजय मोगा ने बताया कि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बंद मार्गों को यातायात के लिए सुचारू कर दिया है।
वहीं, अस्थाई खंड लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियंता अनुज भारद्वाज ने कहा कि सभी प्रभावित स्थानों पर जेसीबी मशीनें लगाकर मलबा हटाया जा रहा है और जल्द ही सभी मार्ग खोल दिए जाएंगे।
पीएमजीएसवाई कालसी के अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें प्राथमिकता के आधार पर खोली जा रही हैं, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले संबंधित विभागों से सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




