29 प्रतिशत ही हुई वित्तीय प्रगति, कम प्रगति वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
देहरादून, 11 सितंबर। जिला योजना वर्ष 2026-27 के तहत स्वीकृत विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार योजनाओं, स्वीकृत धनराशि, व्यय तथा विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिला योजना वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को कुल 9939.40 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। इसके सापेक्ष अब तक करीब 29 प्रतिशत वित्तीय प्रगति दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने कम प्रगति वाले विभागों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

समयसीमा में पूरे हों विकास कार्य
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जिला योजना के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, पेयजल, स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों को गति दी जाती है। ऐसे में स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में टेंडर, निविदा अथवा अन्य प्रक्रियाएं लंबित हैं, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी कर संबंधित कार्यों को जल्द शुरू कराया जाए।
लोनिवि, सिंचाई और जल संस्थान को विशेष निर्देश
डीएम ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल संस्थान सहित अन्य संबंधित विभागों को निर्माण एवं विकास कार्यों से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रक्रियागत देरी के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वीकृत योजनाओं का लाभ आमजन को निर्धारित समय में मिले और कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी और प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भौतिक और वित्तीय प्रगति बढ़ाने पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जिला योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें और जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनमें तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
बैठक में जिला योजना के तहत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्वीकृत धनराशि, अब तक किए गए व्यय और योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की समयबद्धता के साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंच सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत गिरि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पीएस भण्डारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
